जिलों को शीघ्र धनराशि भेजने के उप मुख्यमंत्री ने दिये निर्देश
“उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वयं सहायता समूहों के लिए 747 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की”
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश के जिलों में गठित स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने के उद्देश्य से रू 747 करोड़ से अधिक की धनराशि की स्वीकृति की प्रदान की है।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह धनराशि शीघ्रातिशीघ्र जिलों को भेजना सुनिश्चित किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन की गति बढ़ाई जाय।
एस आर एल एम के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाय।
निर्देश दिए कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखा जाय और जहां सुधार की आवश्यकता हो ,सुधार किया जाय। श्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को अपने कैम्प कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
