राज्यों से

शाहगंज सीएचसी में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप

“शाहगंज सीएचसी पर गई प्रसूता की हालत बच्चे को जन्म देने के बाद बिगड़ी तो डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने हंगामा किया और बाद में प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है”

शाहगंज के सीएचसी पर शुक्रवार को एक महिला प्रसव के लिए गई। बच्चे को जन्म देने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। शाहगंज सीएचसी पर चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इसके पूर्व परिजनों ने महिला को मृत समझ कर सीएचसी पर हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। जिला अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

सीएचसी के चिकित्सकाें ने बताया कि समीपवर्ती आजमगढ़ जनपद के पवई थानाक्षेत्र के बहिरापार गांव निवासी रमाकांत यादव की 34 वर्षीया पत्नी सुष्मिता को सुबह साढ़े नौ बजे चिकित्सालय लाया गया था। दोपहर 2.30 बजे उसने पुत्र को जन्म दिया।

इसके बाद जच्चा-बच्चा की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चे को नगर के ही एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पति रमाकांत यादव का आरोप है कि महिला चिकित्सक डाॅ. आकांक्षा सिंह को बार-बार फोन किया जा रहा था, लेकिन उन्होंने आने में दो घंटे लगा दिए।

इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक को बुलाया गया तो उन्होंने परिजनों को बताया कि महिला की मौत हो गई है। इसके बाद पहुंची महिला चिकित्सक और स्टाफ ने नाटकीय ढंग से जीवित होने की बात बताकर उपचार शुरू कर दिया।

इसके बाद महिला को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। देर रात परिजन शव लेकर सीएचसी पहुंचे। चिकित्सक के प्रति रोष जताया।

चिकित्सा अधीक्षक रफीक फारुकी ने बताया कि यहां से रेफर करते समय प्रसूता ठीक थी। परिवार के लोग जिला चिकित्सालय ले जाने में देर किए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *