ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र: डीवीसी से सभी संबंध तोड़ने की दी चेतावनी, बाढ़ राहत के लिए मांगी केंद्रीय फंड
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार (20 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखकर राज्य दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के साथ सभी संबंध तोड़ने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि डीवीसी ने “एकतरफा पानी छोड़ा”, जिसके कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बाढ़ आई है।
चिट्ठी में ममता बनर्जी ने बाढ़ से हुई व्यापक तबाही को लेकर तत्काल केंद्रीय फंड जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने लिखा, “राज्य इस समय लोअर दामोदर और आसपास के क्षेत्रों में 2009 के बाद की सबसे बड़ी बाढ़ का सामना कर रहा है।” उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि इस मामले पर गंभीरता से विचार करें और संबंधित मंत्रालयों को इन मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दें।
बाढ़ प्रबंधन के लिए केंद्रीय निधियों की मांग
ममता ने पत्र में उल्लेख किया कि बाढ़ राहत कार्य के लिए पर्याप्त केंद्रीय निधियों की मंजूरी और रिलीज बेहद आवश्यक है, ताकि सबसे अधिक प्रभावित लोगों की सहायता की जा सके। उन्होंने इस गंभीर स्थिति के समाधान के लिए व्यापक बाढ़ प्रबंधन कार्यों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
