राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी
“राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल नई दिल्ली में वर्ष 2022 के लिए 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल नई दिल्ली में वर्ष 2022 के लिए 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। ऋषभ शेट्टी को कन्नड़ फिल्म कंतारा के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा। नित्या मेनन को तमिल फिल्म थिरुचित्राम्बलम के लिए और मानसी पारेख को गुजराती फिल्म कच्छ एक्सप्रेस के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया जाएगा।
सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ पुस्तक का पुरस्कार अनिरुद्ध भट्टाचार्जी और पार्थिव धर की किताब किशोर कुमार: द अल्टीमेट बायोग्राफी को दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मलयालम फिल्म आट्टम को और गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार आयना फिल्म को मिलेगा।
सूरज बड़जात्या को उनकी फिल्म ऊंचाई के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया जाएगा। फीचर फिल्म श्रेणी में गुलमोहर को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म और गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में हरियाणवी फिल्म फौजा को सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार दिया जाएगा।
