मेरठ में मिलावटी डीजल चोरी के खेल का हुआ खुलासा
“मेरठ पुलिस ने नकली डीजल बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार और 30,000 लीटर मिलावटी डीजल बरामद”
मेरठ में मिलावटी और डीजल चोरी के खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने नकली और मिलावटी डीजल बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने मुखबिर से सूचना के बाद टीम के साथ परतापुर के गेझा गांव में छापा मारा। एचपीसीएल के डिपो के कर्मचारियों की मिलीभगत से बड़ा सिंडिकेट चल रहा था।
जीपीएस बंद करके नकली डीजल की फैक्ट्री में डीजल टैंकर पहुंच रहे थे। 20 हजार लीटर के टैंकर से चार हजार लीटर डीजल चोरी करके उसमें हाइड्रो कार्बन सॉल्वेंट मिलाकर पेट्रोल पंप पर टैंकर भेजे जाते थे।
डीजल निकालने और मिलावट करने के लिए बड़े टैंकर और जेट पंप से फैक्ट्री तैयार कर रखी थी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि फैक्ट्री मालिक मनीष सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।साथ हीं टैंकर में 30 हजार लीटर मिलावटी डीजल भी बरामद किया गया है।
