मुख्यमंत्री कल प्रयागराज के नैनी में बायो-सीएनजी प्लांट का करेंगे अनावरण, महाकुंभ की तैयारियों का लेंगे जायजा
“महाकुंभ क्षेत्र की व्यवस्थाओं का मुख्यमंत्री लेंगे जायजा”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल प्रयागराज में महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री नैनी में निर्मित बायो सीएनजी प्लांट का भी अनावरण करेंगे। इसके साथ ही वह संगम ऐरावत घाट, संगम नोज घाट और गंगा सेतु के समानांतर बने स्टील ब्रिज का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री महाकुंभ की तैयारियों के स्थलीय निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नैनी के अरैल घाट के पास 125 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जिस बायो सीएनजी प्लांट का कल शुभारम्भ करेंगे वह प्रतिदिन 21 दशमलव पांच टन गैस के साथ दो सौ 9 टन जैविक खाद बनायेगा। इस प्लांट की कुल क्षमता 343 टन प्रतिदिन उत्पादन की है। इस प्लांट से बायो-सीएनजी की आपूर्ति प्रयागराज सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी की जायेगी।
प्रयागराज नगर निगम आयुक्त चन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि इस बायो सीएनजी प्लांट की स्थापना से नगर निगम को आय होगी साथ ही प्रतिदिन 2 सौ टन जिले के कचरे का निपटान हो सकेगा। वहीं हवा की गुणवत्ता सुधार की दिशा में यह प्लांट मील का पत्थर साबित होगा।
