अब से कुछ देर में लॉन्च होगा इसरो का SpaDeX मिशन, देखें लाइव
“इसरो का SpaDeX मिशन आज रात 10 बजे लॉन्च होगा। यह मिशन भारत को अंतरिक्ष डॉकिंग तकनीक में रूस, अमेरिका और चीन के बाद चौथा देश बना देगा। यहां देखें लाइव”
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आज रात 10 बजे श्रीहरिकोटा से अपना महत्वाकांक्षी स्पेस डॉकिंग मिशन ‘SpaDeX’ लॉन्च करेगा। इस मिशन के तहत PSLV-C60 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में दो छोटे यानों के डॉकिंग और अनडॉकिंग की प्रक्रिया का परीक्षण किया जाएगा। स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (SpaDeX) मिशन को लेकर इसरो की उलटी गिनती शुरू हो गई है, और इस मिशन का सीधा प्रसारण इसरो के यूट्यूब चैनल पर रात 9:30 बजे से किया जाएगा।
इसरो आज रात 10 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी-सी60 रॉकेट के जरिए स्पैडेक्स उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजेगा। पीएसएलवी रॉकेट में लोड किए गए लगभग 220 किलोग्राम वजन वाले एसडीएक्स01 (SDX01-चेज़र) और एसडीएक्स02 (SDX02-टारगेट) नामक दो उपग्रहों को पहले अलग किया जाएगा और फिर उन्हें एक करके डॉक किया जाएगा। यह इसरो के लिए एक बड़ी चुनौती है।
यह मिशन भारत को रूस, अमेरिका और चीन के साथ उन देशों की सूची में शामिल कर देगा जिन्होंने अंतरिक्ष में डॉकिंग तकनीक में सफलता प्राप्त की है। इसरो के अनुसार, स्पेस डॉकिंग तकनीक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान के भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, खासकर चांद पर इंसानी मिशन, चंद्रमा से नमूने लाने, और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) के निर्माण में।
इसरो ने सोमवार को इस मिशन को लेकर जानकारी साझा करते हुए कहा, “आज रात ठीक 10 बजे, PSLV-C60 स्पाडेक्स और नए पेलोड के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार है।” यह मिशन इसरो के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकता है, क्योंकि इसके सफल होने पर भारत अंतरिक्ष डॉकिंग की क्षमता में प्रमुख देशों के साथ खड़ा होगा।
ISRO का यह मिशन कम लागत वाला तकनीकी अभियान है, जो भविष्य में अंतरिक्ष में विभिन्न मिशनों के लिए अहम साबित होगा।
