राजनाथ सिंह ने नौसेना नागरिकों के अथक परिश्रम को सराहा
“नौसेना नागरिक वर्ष पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौसेना के नागरिकों के अथक समर्पण और योगदान का सम्मान किया”
भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को नई दिल्ली में नौसेना नागरिक वर्ष समारोह आयोजित किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया और नौसेना के नागरिकों के अथक समर्पण और निस्वार्थ योगदान की सराहना की।
राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “यह फिल्म नौसेना के नागरिकों की अटूट भावना, अथक समर्पण और निस्वार्थ योगदान का सम्मान करती है, जो हमारे नौसेना बलों की सुरक्षा और सफलता सुनिश्चित करने के लिए पर्दे के पीछे अथक परिश्रम करते हैं।”
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि देश की सेवा करने के लिए नौसेना के नागरिकों की दृढ़ता और प्रतिबद्धता के लिए हमारा नमन। हमारे नौसेना समुदाय के गुमनाम नायकों की इस यात्रा पर हमारे साथ जुड़ें।
नौसेना नागरिक वर्ष समारोह 17 से 25 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान नौसेना के नागरिकों के योगदान और समर्पण को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में नौसेना नागरिकों की उल्लेखनीय उपलब्धियों और योगदानों को प्रेरक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें नौसेना नागरिकों के कार्य, जीवन और कहानियों को उजागर करने वाली तस्वीरें और पेंटिंग्स की प्रदर्शनी शामिल होगी। यह नौसेना के अभियानों के विभिन्न पहलुओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिकाओं और उपलब्धियों की झलक पेश करेगा।
नौसेना नागरिक, नौसेना के लिए काम करते हैं लेकिन इस सेना के सदस्य नहीं होते। वे नौसेना संचालन में विभिन्न सहायक कार्य करते हैं।
