समस्तीपुर जिले में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करने के आरोप में दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
“समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध बाइक को छोड़ने तथा आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करने के आरोप में दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है”
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध बाइक को छोड़ने तथा आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करने के आरोप में दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि यह निर्णय जांच-रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।
जांच में पुलिसकर्मियों की पाई गई संदिग्ध भूमिका
समस्तीपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व जिले की रोसड़ा पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक पकड़ी थी, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद इस मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से कराई गई। उन्होंने बताया कि जांच-रिपोर्ट में तीनों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसी वजह से जांचोपरांत रोसड़ा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रामपति प्रसाद, सहायक पुलिस निरीक्षक जयनेन्द्र कुमार और चौकीदार कमलेश पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
थानाध्यक्ष के विरुद्ध भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी
समस्तीपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि इंस्पेक्टर सह रोसड़ा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल की भी भूमिका संदिग्ध पाई गई है। उन्होंने कहा कि इनके विरुद्ध भी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।
