मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित कई गणमान्य नेताओं को दिया महाकुंभ का निमंत्रण
“नई दिल्ली में सीएम योगी ने गणमान्य नेताओं को महाकुंभ में आमंत्रित किया”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नई दिल्ली में कई गणमान्य नेताओं से मुलाकात कर उन्हें महाकुंभ-2025 के लिए निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से भेंट कर उन्हें प्रयागराज में होने जा रहे महाकुम्भ के लिए आमंत्रित किया।
श्री योगी ने विशिष्टजनों को निमंत्रण पत्र के साथ ही महाकुम्भ 2025 के लोगो वाला प्रतीक चिह्न, कलश, महाकुम्भ से जुड़ा साहित्य, नववर्ष का टेबल कैलेंडर और डायरी भेंट की।
महाकुम्भ में विशिष्ट जनों को आमंत्रण देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल दिल्ली पहुंचे थे।
कल उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह से मुलाकात कर उन्हें महाकुंभ के लिये आमंत्रित किया।
