श्रम बोर्ड जल्द ही गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएगा: डॉ. मनसुख मंडाविया
“केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज कहा कि श्रम बोर्ड जल्द ही गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएगा”
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज कहा कि श्रम बोर्ड जल्द ही गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएगा। डॉ. मंडाविया ने नई दिल्ली में अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए औपचारिकीकरण और सामाजिक सुरक्षा कवरेज पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन करने के बाद ये बात कही।
उन्होंने कहा कि भारत में 70 से 80 लाख गिग श्रमिक हैं और बिना किसी भेदभाव के श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. मंडाविया ने बताया कि सरकार की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं के तहत करीब 60 करोड़ लोग कवर हैं और उन्हें पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लोगों को करीब 5 किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है ताकि कोई भी बुनियादी भोजन से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने बहुराष्ट्रीय निगमों से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित करके व्यापार करने में आसानी में सुधार किया है।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्रम एवं रोजगार सचिव सुमिता डावरा ने बताया कि किस तरह से संगोष्ठी में भारत के 60 करोड़ कार्यबल को सामाजिक सुरक्षा के विभिन्न प्रावधानों के तहत लाने की संभावना पर चर्चा की गई।
मीडिया से बात करते हुए, अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अज़मान ने ई-श्रम कार्यक्रम के माध्यम से अनौपचारिक क्षेत्र के 90 प्रतिशत हिस्से को एक डेटाबेस के अंतर्गत लाने में भारत की प्रगति पर प्रकाश डाला।
