नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने महाकुंभ को लेकर प्रयागराज में विशेष स्वच्छता अभियान का किया शुभारम्भ, जन भागीदारी बढ़ाने के लिये लोगों को किया जागरूक।
“महाकुंभ 2025 की तैयारियों के तहत विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ”
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज प्रयागराज के दशाश्वमेध घाट पर सामूहिक स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वच्छता कार्यों में श्रमदान किया। उन्होंने प्रयाग नगरी के सभी वार्डों में महा श्रमदान के विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को किट का वितरण किया गया। श्री शर्मा ने अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश देकर जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
इस दौरान श्री शर्मा ने महाकुम्भ मेले 2025 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिये सभी सम्बन्धित विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ आज प्रयागराज सर्किट हाउस में गहन समीक्षा बैठक की।
उन्होंने नगर के सभी वार्डों में कुम्भ मेले के निमित्त सभी तैयारियों को सम्पूर्ण करने के लिये बैठक में दिशा निर्देश दिये। बैठक में प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, प्रयागराज भाजपा के नगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र और सम्बन्धित विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित थे।
